मैनपुरी। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सोमवार को जिला महिला अस्पताल में बनाए गए कोविड लेवल टू अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे मशीन की स्थापना कराई गई। कैबिनेट मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री ने इसका उद्घाटन किया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार मरीजों को बेहतर उपचार दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मरीजों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसके लिए अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मरीजों की सुविधा के लिए डिजिटल एक्स-रे मशीन की स्थापना कराई गई है। अब मरीजों को प्राइवेट डिजिटल एक्स-रे के लिए नहीं भटकना पड़ेगा। सीएमओ डॉ. एके पांडेय ने कहा कि यह मशीन मोबाइल एक्स-रे मशीन की तरह काम करेगी।
जो मरीज चलने में अस्मर्थ होगा उसका बेड पर ही एक्स-रे किया जाएगा। सीएमओ ने बताया कि वाईफाई युक्त मशीन में चिप आदि की व्यवस्था की गई है। इससे कि उसे किसी भी बेड पर ले जाकर एक्सरे किया जा सके। इस अवसर पर सीएमएस डॉ. अरविंद कुमार गर्ग, प्रभारी अधिकारी फार्मेसी डॉ. ऋषि प्रकाश, डॉ. शिवमंगल सिंह, लैब टेक्निशियन अंकुर मिश्रा आदि लोग मौजूद रहे।