आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर डिजिटल म्यूजियम ‘रेल विरासत’ बनाया जाएगा। म्यूजियम में एलईडी स्क्रीनों पर रेलवे का इतिहास दिखाया जाएगा। यात्रियों को ट्रेनों में दी जाने वाली सुविधाओं, ट्रेन में रिजर्वेशन और अन्य जानकारियों से संबंधित कार्यक्रम भी देखने के लिए मिलेंगे।
उत्तर मध्य रेलवे के प्रतिदिन 25 हजार से ज्यादा फुटफॉल वाले स्टेशनों को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। आगरा कैंट स्टेशन भी इस श्रेणी में आता है। स्टेशन पर एस्केलेटर, लिफ्ट, एग्जिक्यूटिव लाउंज, रेल ढाबा, सिक्योरिटी सिस्टम जैसी सुविधाएं पहले से हैं।
आगरा मंडल के रेल प्रबंधक रंजन यादव ने बताया कि आगरा कैंट स्टेशन पर डिजिटल म्यूजियम बनाने का काम जल्द शुरू होगा। मथुरा में भी इसका प्रस्ताव है। इसके अलावा स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार किया जा रहा है। कैंट स्टेशन के पुराने पार्सलघर और रेलवे कोर्ट को नए भवनों में शिफ्ट किया जा चुका है। द्वितीय प्रवेश व निकास द्वार सराय ख्वाजा की ओर जल्द शुरू होंगे।