कासगंज। बोर्ड परीक्षा के दिनों में पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं मिलने से परीक्षार्थी परेशान हैं, वही शिक्षा विभाग के अधिकारी भी चिंतित हैं। विद्युत आपूर्ति बाधित होने से परीक्षा केंद्रों व स्ट्रांगरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है। इस संबंध में परीक्षा जिला विद्यालय निरीक्षक ने विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता को 24 घंटे बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए पत्र लिखा है।बोर्ड परीक्षा शुरू हो जाने के बाद भी बिजली आपूर्ति पर्याप्त नहीं मिल पा रही। न जिला मुख्यालय पर ही 24 घंटे ही बिजली मिल रही है और न ही कस्बाई क्षेत्रों में। जिससे परीक्षार्थियों को अपनी पढ़ाई करने में बाधा आती है। वहीं शासन के परीक्षा केंद्रों के 24 घंटे निगरानी करने के निर्देश हैं। इसके लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। स्ट्रांग रूम की रात के समय भी ऑनलाइन निगरानी होती है। बिजली आपूर्ति बाधित होने पर परीक्षा केंद्रों के सीसीटीवी कैमरे बंद हो जाते हैं। जिससे निगरानी में दिक्कत आती है। वहीं, परीक्षा के समय बिजली आपूर्ति बाधित हो जाने पर परीक्षा कक्ष में अंधेरा हो जाने से परीक्षार्थियों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। जिला विद्यालय निरीक्षक पीके मौर्य ने कहा कि परीक्षा के दिनों में 24 घंटे आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता को पत्र लिखा है।