प्राचार्य ने परिषदीय स्कूल शिवपुरी की सराहना की
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के जिला शिक्षा व प्रशिक्षण संस्थान (डायट) प्राचार्य ने शनिवार को नगर क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। कक्षा चार के विद्यार्थी ब्लैक बोर्ड पर लिखी कहानी व सुनाओ जैसे शब्दों को नहीं पढ़ पाए। तीन अंकों की संख्या 158 व 173 को नहीं पढ़ सके। विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति भी कम मिली।
डायट प्राचार्य डॉ. इंद्र प्रकाश सिंह सोलंकी ने बताया कि उन्होंने प्राथमिक विद्यालय कन्या शिवपुरी व प्राथमिक विद्यालय राधा नगर, बल्केश्वर का निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय राधा नगर का भवन न होने से इसका संचालन शिवपुरी स्थित विद्यालय में ही किया जा रहा है। प्राथमिक विद्यालय शिवपुरी में पंजीकृत 62 में से महज 38 और प्राथमिक विद्यालय, राधा नगर में पंजीकृत 41 में से 27 विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों की कम उपस्थिति पर डायट प्राचार्य ने नाराजगी जताई और उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए।
कमजोर छात्रों को विशेष ध्यान देने के निर्देश
ब्लैक बोर्ड पर लिखे शब्दों व अंकों को विद्यार्थी नहीं पढ़ रहे थे और न समझ रहे थे। प्राचार्य ने कमजोर विद्यार्थियों को चिह्नित कर उन पर विशेष ध्यान देने के लिए निर्देश दिए। वहीं, प्रभारी प्रधानाध्यापिका नीता गुप्ता को निपुण लक्ष्य व मॉड्यूल की जानकारी होने और कठिन परिश्रम के लिए मौके पर प्रोत्साहन प्रमाणपत्र दिया गया।