किरावली। मिढ़ाकुर और दक्षिणी बाईपास स्थित महुअर कट के पास ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का किरावली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 100 लीटर चोरी का डीजल, बिना नंबर प्लेट की कार, छह कैन और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। उसका एक साथी फरार है।
पुलिस थाना प्रभारी किरावली मदन सिंह के मुताबिक, 13 अक्तूबर को मिढ़ाकुर स्थित पुराने पेट्रोल पंप पर खड़े वाहन से करीब 50 लीटर डीजल चोरी होने की शिकायत मिली थी। इस पर वादी ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई। चेकिंग के दौरान पुलिस ने महुअर कट स्थित डावली अंडरपास से एक युवक को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने अपना नाम अमन सैन उर्फ सविता निवासी दुर्गा कॉलोनी, धौलपुर राजस्थान बताया।
कैनों में भरकर धौलपुर जाकर बेचने की बनाई योजना
आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी उदित के साथ 12 और 13 अक्तूबर की रात मिढ़ाकुर के पास एक कैंटर और महुअर कट के पास खड़े ट्रक से करीब 50-50 लीटर डीजल चोरी किया था। दोनों ने डीजल झाड़ियों में छिपा दिया था। बाद में उसे कैनों में भरकर धौलपुर ले जाकर बेचने की योजना बनाई। पुलिस से बचने के लिए वे कार की नंबर प्लेट हटा देते थे।
फरार आरोपी उदित की तलाश जारी
पुलिस ने कार, दो कैन में भरा डीजल, चार खाली कैन, पाइप, पेचकस, लोहे का सब्बल और दो नंबर प्लेट बरामद की हैं। फरार आरोपी उदित निवासी आदर्श नगर, पंचगांव, धौलपुर की तलाश की जा रही है। मामले में पुलिस ने अन्य संबंधित धाराएं भी बढ़ाई हैं।