बेवर। नगर के तीन पेट्रोल पंप पर सोमवार देर शाम से मंगलवार शाम तक डीजल और पेट्रोल न मिलने से बाइक और चार पहिया वाहन मालिक परेशान रहे। पेट्रोल-डीजल के टैंकर नहीं आने से किल्लत बढ़ी है।
कस्बे के पेट्रोल पंप पर 24 घंटे से पेट्रोल-डीजल न मिलने से लोग परेशान हैं। मंगलवार सुबह से लेकर देर शाम तक पेट्रोल डीजल लेने आए कई लोग मायूस होकर लौट गए। लोगों को पेट्रोल न होने पर अपनी गाड़ियों को खींचकर ले जाना पड़ा। कस्बे में बस स्टैंड, रामलीला मैदान के सामने, गग्गरपुर नहर पुल के पास तीन पेट्रोल पंप हैं। दो पेट्रोल पंप मोटा रोड पर हैं। उन पर भी पेट्रोल न मिलने से दोपहिया व चार पहिया वाहन चालकों को मायूस होकर लौटना पड़ा। पेट्रोल पंप मालिक राजीव मोहन तिवारी ने बताया कि शनिवार, रविवार को बैंकों का अवकाश होने के चलते पेट्रोल पंप कंपनियों में पैसा नहीं पहुंच सका। इसके चलते टेंकर नहीं आया। पेट्रोल नकद मिलता है, इसलिए दिक्कत है। स्थिति मंगलवार देर रात तक सामान्य हो जाएगी।