कासगंज के गंजडुंडवारा में गटर के टैंक में गिर कर मौत का शिकार हुए मासूम लवली का फाइल फोटो
- फोटो : KASGANJ
गंजडुंडवारा। कस्बा के पास ग्राम नगला नुनैर में एक 5 वर्षीय मासूम की गटर के टैंक में गिरने से मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया।
ग्राम नगला नुनैर निवासी छत्रपाल का शौचालय बन रहा है। इसके लिए घर के मुख्य द्वार के बाहर टैंक का निर्माण करवाया जा रहा है। उनके घर के सामने ही राजेंद्र का परिवार रहता है। मंगलवार सुबह राजेंद्र का बेटा लवली घर से खेलने निकला था। वापस नहीं आने पर परिजनों ने गांव में उसकी तलाश की। बाद में टैंक में उसका शव मिला। परिजनों ने बताया कि एक दिन पहले भी कुछ बच्चे टैंक में नहाते रहे थे।
इसी के चलते उनका बेटा भी खेलते-खेलते टैंक के पास पहुंच गया और गिरने से उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि पहले किसी की नजर पड़ जाती तो उसे बचाया जा सकता था। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में किसी तरह की कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई थी।