भोगांव। गांव गिंगौरा के पास रविवार की देर शाम ट्रैक्टर की टक्कर लगने से एक मोपेड सवार दंपती घायल हो गए। पति को गभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर किया गया, वहां इलाज के दौरान मौत हो गई, पत्नी की ओर से सोमवार को मुकदमा दर्ज कराया गया।
जनपद एटा के थाना नया गांव क्षेत्र के सराय अगहत निवासी समलो देवी रविवार को पति सरवर (48) के साथ दवा लेने के लिए कुरावली गईं थीं। देर शाम को दवा लेने के बाद वह पति के साथ मोपेड पर बैठ कर वापस लौट रहीं थीं। थाना क्षेत्र में गांव गिंगौरा के पास मार्ग से गुजर रहे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में दंपती घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहां से सरवर को मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर किया गया था, इलाज के दौरान सरवर की मौत हो गई, सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद पत्नी की ओर से भोगांव थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।