महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में दवा काउंटर पर लगी मरीजों की भीड़।
मैनपुरी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से दस्तक माह मनाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर लोगों को डायरिया और अन्य बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक कर रही हैं। लेकिन इन सबके बीच जिले में डायरिया के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में शुक्रवार को सुबह से ही मरीजों की भीड़ देखी गई। यहां ओपीडी में 892 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. डीके शाक्य के पास बाल मरीजों की भीड़ रही। इनमें डायरिया के मरीज अधिक रहे। फिजिशियन कक्ष में भी उल्टी और दस्त के मरीजों की संख्या अधिक रही। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. डीके शाक्य का कहना है कि बरसात के समय में पानी के दूषित होने का डायरिया का खतरा बढ़ जाता है ऐसे में सभी लोगों को जागरूक होने की जरूरत है। उनका कहना है कि बरसात के बीच बच्चे डायरिया की चपेट में आ रहे हैं ऐसे में बच्चों के खान-पान पर विशेष ध्यान दिया जाए । फिजीशियन डॉ. जेजे राम ने भी लोगों को बरसात के मौसम में खान-पान पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी है।-