आगरा। न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेले गए मैच के दौरान ध्रुव जुरेल के शॉर्ट लेग पर लपके एक हाथ के हैरतअंगेज कैच का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह क्रिकेट प्रशंसकों के बीच चर्चा का केंद्र बना है।
प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर हेनरी निकोल्स के बल्ले का किनारा लेकर उछली गेंद को जुरेल ने आगे झुकते हुए पलक झपकते ही लपक लिया, जिससे भारत को अहम सफलता मिली। आगरा के इस युवा खिलाड़ी की इस फुर्ती के पीछे ताजमहल के पीछे यमुना किनारे की बालू पर की गई वर्षों की कठिन ट्रेनिंग की कहानी जुड़ी है। उनके शुरुआती कोच प्रवेंद्र यादव का कहना है कि बचपन में ध्रुव की फिटनेस और रिफ्लेक्स सुधारने के लिए रेत पर टायर खिंचवाकर अभ्यास कराया जाता था। रेत पर टायर खींचना बेहद चुनौतीपूर्ण था लेकिन ध्रुव नियमित अभ्यास से शायद ही कभी गैरहाजिर रहे हों। यही अनुशासन और फिटनेस शॉर्ट लेग जैसी जोखिम भरी जगह पर तेज फैसले लेने में काम आती है।