आगरा जोन में पुलिस ऑपरेशन पहचान एप से अपराधियों की निगरानी कर रही है। अपराध और अपराधियों का लेखा-जोखा रखा जा रहा है। एक क्लिक पर ही उनकी कुंडली सामने आ रही है। जल्द ही ये एप पूरे प्रदेश की पुलिस के लिए लागू किया जा सकता है। बृहस्पतिवार को आगरा आए प्रदेश पुलिस के मुखिया डीजीपी मुकुल गोयल ने एप को लेकर संतुष्टि जाहिर की।
डीजीपी मुकुल गोयल ने पुलिस लाइन रोड स्थित एडीजी जोन के नवनिर्मित कार्यालय का निरीक्षण किया। इसके बाद कानून व्यवस्था को लेकर एडीजी जोन राजीव कृष्ण, आईजी रेंज नचिकेता झा और एसएसपी सुधीर कुमार सिंह के साथ बैठक में ऑपरेशन पहचान एप की जानकारी ली। दरअसल एडीजी जोन कार्यालय हाल ही में पुलिस लाइन मार्ग पर नए भवन में शिफ्ट किया गया है। डीजीपी ने कार्यालय का निरीक्षण किया। अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों के बैठने के कक्ष, कान्फ्रेंस हॉल को देखा। नए भवन को काफी अच्छा बताया। भवन में साफ-सफाई पर खुशी जाहिर की।