कासगंज/सोरोंजी। सोमवती अमावस्या के अवसर पर जिले के गंगाघाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान करने पहुंचेंगे। कुछ श्रद्धालु तो पूर्व संध्या से ही गंगा घाटों पर पहुंचने लगे थे। सोमवती अमावस्या पर पितृ दोष मुक्ति के लिए पूजा की जाती है और पितरों का तर्पण भी किया जाता है। स्नान पर्व को लेकर गंगाघाटों पर दुकानदारों ने तैयारियां की है। तीर्थनगरी में तीर्थ पुरोहितों ने तैयारियां की हैं।
सोमवती अमावस्या पर गंगास्नान करने का विशेष महत्व है। इस मौके पर सोमवार को लहरा, कादरगंज और कछला गंगाघाट पर एक लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचकर स्नान करेंगे। स्नान करने के लिए राजस्थान, मध्यप्रदेश तक से श्रद्धालुओं का आगमन होता है, इसके अलावा आसपास जिलों के श्रद्धालु भी गंगास्नान करने के लिए घाटों पर पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर गंगाघाट पर नगरपालिका प्रशासन द्वारा व्यवस्था की गई हैं। लहरा गंगाघाट पर पेयजल टैंक, मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है वहीं प्रकाश व्यवस्था भी बनाई गई है। श्रद्धालुओं को सावधान करते हुए गहरे पानी में बल्ली लगाकर सांकेतक लगाए हैं। जिससे लोगों को गहरे पानी का आभास हो सके। ईओ मुकेश कुमार ने बताया कि स्नान पर्व को लेकर सभी व्यवस्थाएं की गई हैं।
बदायूं की ओर से रहेगा रूट डायवर्जन, एसपी ने किया घाटों का निरीक्षण
कासगंज। सोमवती अमावस्या पर श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ आने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। रविवार को एसपी सौरभ दीक्षित ने एएसपी जितेंद्र दुबे, सीओ अजीत चौहान के साथ लहरा गंगाघाट और हरि की पौड़ी इलाके का निरीक्षण किया। वाहन पार्किंग के लिए स्थान चिह्नित किए गए। यातायात पुलिस की ब्रीफिंग की गई। रात्रि के समय से रूट डायवर्जन व्यवस्था कायम की गई। बदायूं से आने वाले ट्रैफिक को कादरगंज के रास्ते से निकाला गया। मेला ग्राउंड, आरटीओ ग्राउंड, यादव होटल क्षेत्र में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। एसपी ने हर प्वाइंट पर पुलिस फोर्स की तैनाती सुनिश्चित की है। वहीं लहरा गंगाघाट पर वॉच टॉवर बनाया गया है। जहां से निगरानी की जाएगी।