सोरों। आषाढ़ अमावस्या पर शनिवार को श्रद्धालुओं ने कछला गंगा घाट, लहरा घाट एवं तीर्थनगरी में हरिपदी के पवित्र जल में गंगा स्नान कर पुण्यलाभ अर्जित किया। घाट पर मौजूद मंदिरों पर देवदर्शन कर परिवार की खुशहाली के लिए मनौतियां मांगीं।
गंगा स्नान करने के लिए श्रद्धालु एक दिन पूर्व शुक्रवार की शाम से ही तीर्थनगरी पहुंच गए। धर्मशालाओं में ठहरे और सुबह होते ही गंगा स्नान शुरू किया। राजस्थान, मध्य प्रदेश आदि सुदूर प्रांतों से आये श्रद्धालुओं ने अपने पूर्वजों की आत्मशांति के लिए तीर्थपुरोहितों से पूजन कराया। श्रद्धालुओं ने हर हर गंगे के जयकारे लगाए। गंगा स्नान कर घाटों पर निर्धनों व साधु संतों को दान दक्षिणा दी। देर शाम तक गंगा स्नान का क्रम चलता रहा। श्रद्धालुओं ने हरिपदी की परिक्रमा की। परिक्रमा मार्ग में आने वाले मंदिरों पर दर्शन कर पूजा अर्चना की। तीर्थनगरी स्थिति वराह मंदिर, श्याम वराह, बालाजी दरबार, रघुनाथजी, सोमेश्वर, द्वारिकाधीश, सिद्ध हनुमान, सिद्ध विनायक, अन्नपूर्णा माता, मानस मंदिर, बटुकनाथ, पंच महाशक्ति, 84 घंटे वाली माता आदि मंदिरों में पूजा अर्चना कर मनौतियां मांगी। कछला गंगा घाट, लहरा घाट, कादरगंज घाट सहित अन्य घाटों पर भी श्रद्धालु देर शाम तक गंगा स्नान करते रहे।