राधाकुंड कस्बे में बुधवार को ललिता कुंड में डूबने से वृद्ध श्रद्धालु की मौत हो गई है। वह यहां स्नान के लिए आए थे। पुलिस ने गोताखोर की मदद से शव को बाहर निकलवाया और पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कैलाश चंद (60) निवासी भरतपुर (राजस्थान) गिरिराज जी की 108 दंडवती परिक्रमा लगा रहे थे। बुधवार सुबह 6:30 बजे राधारानी परिक्रमा मार्ग स्थित ललिता कुंड में वह स्नान करने जा रहे थे।
इसी बीच सीढ़ियों पर उतरते समय उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिरकर डूबने लगे। वृद्ध को डूबते देख लोगों ने शोर मचाया। सूचना पर चौकी प्रभारी अमरेश कुमार घटनास्थल पर पहुंच गए। गोताखोर विष्णु ठाकुर की मदद से वृद्ध को बाहर निकलवाया गया। तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
वृद्ध के पास मिले कागजातों के आधार पर पुलिस ने उनकी शिनाख्त कैलाश चंद पुत्र शिवदयाल कुम्हेर गेट भरतपुर राजस्थान के रूप में की है। चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतक की शिनाख्त हो चुकी है। मृतक का भाई श्यामसुंदर भी राधाकुंड पहुंच गए हैं।