पटियाली(कासगंज)। नगर एवं क्षेत्र के किसान निराश्रित गोवंशों से परेशान हैं। उनकी फसलों को काफी नुकसान होता है। निराश्रित गोवंशों के लिए नगर पंचायत के द्वारा गोशाला का निर्माण किया जाएगा। 1.64 करोड़ से गोशाला का निर्माण होगा। इसके लिए प्रशासन की ओर से जमीन का चयन किया गया है।
गोशाला का निर्माण के लिए तहसील प्रशासन ने गोशाला का चयन नगर के बाहर किया है। तहसीलदार तिमराज सिंह ने बताया कि एक हेक्टेयर जमीन का चिह्नीकरण गोशाला के लिए किया गया है। जिसकी माप कर नगर पंचायत को सौंप दी गई है।
अधिशासी अधिकारी अखिलेश कुमार तिवारी ने बताया कि नगर के बाहर भव्य गोशाला के निर्माण 1.64 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि 82 लाख की पहली किस्त भी नगर पंचायत को मिल गई है। अब जल्द गोशाला का भव्य निर्माण कराया जाएगा। इसके बाद आसपास के ग्रामीणों को निराश्रित गोवंश की समस्या से निजात मिल जाएगी। गोवंश को गोशाला के निर्माण के बाद यहां रखा जाएगा।