आगरा। ताजमहल के नजदीक स्थित शाहजहां पार्क में आगरा विकास प्राधिकरण की ओर से कराए जा रहे विकास कार्यों पर ब्रेक लग गया है। हरियाली को नुकसान पहुंचाने की शिकायत पर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में हुई सुनवाई में प्राधिकरण को इंपैक्ट असेसमेंट रिपोर्ट तैयार कर सौंपने को कहा गया है। साथ ही तब तक निर्माण कार्य पर ब्रेक लग गया है।
वहीं, प्राधिकरण ने भी कानूनी विवाद में फंसने की बजाय काम को बंद करने की तैयारी कर ली है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, जितना काम हो चुका है, उतने का आकलन कर ठेकेदारों को काम बंद करने के लिए कह दिया गया है। साथ ही उनके पेमेंट के लिए भी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दरअसल, इंपैक्ट असेसमेंट कराने में निर्माण कार्य जितना ही खर्च होता है। विशेषज्ञ संस्थान के रिपोर्ट तैयार करने में लंबा समय भी लगता है।
ऐसे में प्राधिकरण ने काम न करना ही बेहतर समझा। चूंकि प्राधिकरण इस पार्क में विकास कार्य कराना चाहता था ताकि ताजमहल देखने पहुंच रहे पर्यटकों को नजदीक ही मनोरंजन का एक और स्थल मिल सके और वह आराम कर सकें। हालांकि मामले में हुई शिकायत और अब इंपैक्ट असेसमेंट के खर्चीले निर्देश के बाद उसने हाथ पीछे खींच लिए हैं।