मैनपुरी। जिला कारागार में हत्या के मामले में निरुद्ध चल रहे घिरोर क्षेत्र के एक बंदी की तबियत शुक्रवार की रात खराब हो गई। आनन-फानन में जेलकर्मी उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
थाना घिरोर क्षेत्र के गांव नगला बाग निवासी 51 वर्षीय रामरतन के विरुद्ध वर्ष 2016 में हत्या का एक मामला दर्ज कराया गया था। मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। वहां से उसे जेल भेजा गया था, तभी से रामरतन जेल में निरुद्ध चल रहा है। शुक्रवार की देर शाम अचानक उसकी तबियत खराब हुई तो जेल अस्पताल ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां चिकित्सकों ने रामरतन को मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद जेल प्रशासन की ओर से मृतक के परिजन को सूचना दी गई।
सूचना मिलने के कुछ देर बाद मृतक के परिजन जिला अस्पताल आ गए। मृतक के पुत्र हिमांशू ने बताया कि एक दिन पूर्व पिता से बात हुई थी। तब उन्होंने बीमार होने की बात कही थी। शुक्रवार की देर शाम उनकी तबियत खराब होने की सूचना मिली। जब जिला अस्पताल पहुंचे तो पिता का शव रखा हुआ था। पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।
शुक्रवार की रात खाना खाते समय अचानक बंदी ने सीने में दर्द की शिकायत की। उसे जिला अस्पताल भिजवाया, वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
पवन कुमार त्रिवेदी, जेलर