गुरुद्वारा गुरु का ताल के सामने हाईवे से बुधवार को दोपहर में 2:00 बजे निकलते भारी वाहन
- फोटो : samvad
आगरा। यातायात पुलिस की व्यवस्था के बावजूद बुधवार को हाईवे पर भारी वाहन चलते रहे। प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा गुरु का ताल में भीड़ के आगमन को देखते हुए डायवर्जन का असर नहीं दिखा। इस वजह से हाईवे पर यातायात रेंग-रेंगकर चला।
प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा गुरु का ताल में सुबह से ही भीड़ आने लगी थी। हाईवे पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए पुलिस ने रूट डायवर्ट किया था। इसके तहत दिल्ली और मथुरा की ओर से आने वाले भारी वाहन को रैपुरा जाट से दक्षिणी बाईपास होते हुए निकाले जाने थे। इसी तरह फिरोजाबाद से आने वाले वाहन कुबेरपुर होेते हुए इनर रिंग रोड से निकाले जाने थे।
रूट डायवर्जन के बावजूद भारी वाहन हाईवे पर शाम तकरीबन 6 बजे तक चलते रहे। इन वाहनों के आवागमन से यातायात प्रभावित रहा। गुरुद्वारा में जाने वालों की भीड़ अधिक थी। वहीं भारी वाहनों से जाम लग रहा था। यातायात पुलिसकर्मी तैनात रहे लेकिन उससे ज्यादा फायदा नहीं हुआ।
डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार का दावा है कि रूट डायवर्जन के लिए ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाई थीं। डायवर्जन पूरी तरह से लागू रहा। अन्य रास्तों से आने वाले वाहन निकल रहे थे।