उपमुख्यमंत्री ने सुनीं लोगों की समस्याएं
- फोटो : अमर उजाला
दो दिवसीय दौरे पर आगरा आए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान अपनी दास्तां बताते हुए दुष्कर्म पीड़िता फफक कर रो पड़ी। इस पर उपमुख्यमंत्री ने एसएसपी से दोषियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शुक्रवार को आए ज्यादातर मामलों में लोगों की शिकायत पुलिस से थी, जो उनके मामलों में प्रभावी निष्पक्ष कार्रवाई नहीं कर रही है।
जन चौपाल में बरहन की एक दुष्कर्म पीड़िता ने उपमुख्यमंत्री के सामने रोते हुए बताया कि थाने में न्याय नहीं मिल रहा है। रिपोर्ट नहीं लिखी जा रही है। प्रदीप कुमार ने ताजमहल और आसपास के क्षेत्र में लपकों के आतंक पर्यटकों के साथ अभद्र व्यवहार की समस्या को उठाया। गोविंद पाराशर ने ग्वालियर रोड पर धार्मिक स्थल के अवैध निर्माण को लेकर शिकायत पत्र दिया।
दबंगों ने किया जमीन पर कब्जा
उन्होंने बताया कि रोहिंग्याओं ने बस्ती बसा ली है। धार्मिक स्थल भी बना लिया है। बरौली अहीर में दबंगों द्वारा जमीन कब्जाने की शिकायत संजय दीक्षित ने की। इसके साथ ही कई अन्य शिकायतपत्र भी उप मुख्यमंत्री को सौंपे गए, जिसे उन्होंने तत्काल कार्रवाई के लिए डीएम को दे दिया। एत्माददैला में भी एक धार्मिक स्थल के बाहर अतिक्रमण की शिकायत रामकुमार शर्मा ने की।