04एमएनपी-36-सर्किट हाउस में निरीक्षण करते जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। जिला योजना की बैठक में बृहस्पतिवार को 280 करोड़ रुपये के प्रस्तावों पर मोहर लगेगी। विगत वर्ष की अपेक्षा इस बार जिला योजना का बजट दस प्रतिशत बढ़ गया है। उपमुख्यमंत्री की मौजूदगी में जिले के विकास को रफ्तार देने के लिए बुधवार को जिला प्रशासन तैयारी में जुटा रहा।
लंबे समय से वर्ष 2020-21 की जिला योजना की बैठक लंबित है। अब यह बैठक बृहस्पतिवार को उपमुख्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री केशव प्रसाद मौर्य की उपस्थिति में बैठक होगी। कलक्ट्रेट सभागार में आहूत बैठक में 37 विभागों के कुल 280.77 करोड़ के प्रस्तावों पर मोहर लगेगी। इनमें जिले में कराए जाने वाले निर्माण कार्यों के प्रस्ताव अधिक होंगे। बता दें कि विगत वर्ष कुल 254.75 करोड़ के प्रस्ताव पास हुए थे।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य लखनऊ से राजकीय हेलीकॉप्टर में सवार होकर सुबह 10:50 बजे पुलिस लाइन, मैनपुरी पर उतरेंगे। यहां से वह कार में सवार होकर कलक्ट्रेट में प्रस्तावित जिला योजना की बैठक में सुबह 11:10 बजे प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान जिला योजना पर चर्चा के साथ ही पत्रकार वार्ता भी प्रस्तावित है।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आगमन को लेकर बुधवार को दिनभर शहर में तैयारियां चलती रहीं। लोक निर्माण विभाग सड़कों पर साफ-सफाई के साथ डिवाइडर के रंगरोगन कराने में जुटा रहा तो कलक्ट्रेट सभागार व सर्किट हाउस में भी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया।
जिला योजना की बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भाजपा पदाधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगे। वह सर्किट हाउस में 12:45 बजे से 1:45 बजे तक भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान और पदाधिकारियों से चर्चा करने के साथ ही विभागीय अधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगे।