जिला अस्पताल में स्टाफ नर्स में बेंच पर भर्ती स्टाफ नर्स
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। जिला अस्पताल में कार्यरत स्टाफ नर्स और संसारपुर निवासी महिला को डेंगू हो गया है। दोनों को जिला अस्पताल में ही भर्ती कराया गया है। खास बात यह है कि स्टाफ नर्स को भी बेड नहीं मिला, उसे स्टाफ रूम में ही बेंच पर उपचार दिया गया है।
जिला अस्पताल में वायरल बुखार होने पर 31 मरीजों को भर्ती कराया गया है। मोहल्ला संसारपुर निवासी रजनी पत्नी नितिन को डेंगू हो गया है। उन्हें डेंगू की पुष्टि जिला अस्पताल की लैब में हुई है।
वहीं जिला अस्पताल में कार्यरत स्टाफ नर्स नीता देवी को भी जांच में डेंगू निकला है। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला अस्पताल में बेड की कमी के चलते उन्हें स्टाफ रूम में ही बेंच पर उपचार दिया जा रहा है। जिला अस्पताल की लैब में बुधवार की देर शाम वायरल बुखार से पीड़ित चार और मरीजों में डेंगू के लक्षण मिले हैं। उनका रक्त जांच के लिए भेजा गया है। इसकी रिपोर्ट गुरुवार को मिलेगी।
दो मरीजों में डेंगू होने की जानकारी मिली है। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में डेंगू के मरीजों की जांच और उपचार की उचित व्यवस्था की गई है। वायरल बुखार से चार और मरीजों में डेंगू के लक्षण मिले हैं। उनके रक्त की जांच कराई जा रही है।
-डॉक्टर आरके सागर, सीएमएस