जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती मरीज
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। जिले में एक माह के अंदर डेंगू ने 12 लोगों की जान ले ली। वहीं 70 मरीज डेंगू की चपेट में आए हैं। बुधवार को जिले में डेंगू के पति-पत्नी सहित चार और मरीज मिलने से यह संख्या 74 हो गई हैै। मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीएमओ कार्यालय में दर्ज रिकॉर्ड के अनुसार जिले के इतिहास में अभी तक डेंगू से मरने वालों ने दहाई का अंक नहीं छुआ था। जबकि इस वर्ष जिले में एक महीने के अंदर 12 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 74 अन्य मरीज डेंगू से पीड़ित पाए गए हैं।
जिला अस्पताल के पांच वर्ष के रिकॉर्ड पर यदि जोर दिया जाए तो यहां कभी भी पांच से अधिक मरीज भर्ती नहीं कराए गए, जबकि इस बार यहां अब तक 15 मरीज भर्ती कराए जा चुके हैं। बुधवार को जिला अस्पताल में संसारपुर निवासी सुनीता देवी तथा कुरावली के सिरसा निवासी रघुवीर सिंह की पत्नी रेशमा देवी (12) को डेंगू से पीड़ित होने पर भर्ती कराया गया।
वहीं अजीतगंज में एक कस्बे में अखिलेश कुमार (30) व अखिलेश की पत्नी सीमा देवी (28) को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। बुधवार को हालत बिगड़ी तो परिजनों ने जांच कराई। जांच कराने पर वे डेंगू पॉजिटिव निकले। परिजनों ने उन्हें गंभीर हालत में मिनी पीजीआई सैफई में भर्ती कराया है।
जिला अस्पताल की लैब में 22 डेंगू पॉजिटिव मिले
जिला अस्पताल की लैब में भी डेंगू पॉजिटिव का रिकॉर्ड बना है। जिला अस्पताल की लैब में इस सीजन में 15 दिनों के अंदर 22 मरीजों में डेंगू के लक्षण मिले हैं। जबकि इससे पहले कभी भी यह आंकड़ा दहाई के अंक को नहीं छू सका।
डेंगू की जांच व उपचार की जिले में पूरी व्यवस्था है। लोग भयभीत न हों। जरा भी लक्षण दिखने पर जिला अस्पताल की पैथॉलॉजी लैब में जांच कराकर अस्पताल में उपचार लें। यहां डेंगू वार्ड की स्थापना की गई है।
-डॉॅ. एके पांडेय, सीएमओ