पिटाई से दोनों शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए
पिनाहट (आगरा)। थाना पिढ़ौरा क्षेत्र में एक विद्यालय के दो शिक्षकों को वेतन मांगने पर लाठियां मिलीं। खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) के सामने ही दोनों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने का आरोप है। पिटाई से दोनों शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बीईओ ने कोचिंग का रजिस्ट्रेशन निरस्त करने के साथ ही अवैध रूप से स्कूल चलाने पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
थाना पिढ़ौरा क्षेत्र के गांव गंजनपुरा निवासी संदीप और उमरायपुरा निवासी रनवीर सिंह ने पुलिस को बताया कि बरपुरा छूट के पास एक कोचिंग के रजिस्ट्रेशन पर विद्यालय संचालित हो रहा था। इसमें वे दोनों भी पढ़ाते थे। उनका वेतन स्कूल संचालक ने नहीं दिया।
उन्होंने वेतन दिलाने की मांग करते हुए मामले की शिकायत अधिकारियों से की थी। आरोप है कि सोमवार दोपहर वे दोनों बकाया वेतन लेने पहुंचे थे। इसी दौरान बीईओ महेश चंद्र पटेल भी जांच के लिए पहुंच गए।
बकाया वेतन मांगने पर विद्यालय संचालक और उसके बेटे ने साथियों के साथ बीईओ के सामने ही गाली-गलौज करते हुए शिक्षकों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। दोनों की बेरहमी से पिटाई कर दी। शिकायत पर पुलिस ने दोनों शिक्षकों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
एसीपी पिनाहट अनिल कुमार ने बताया कि पिटाई से दो व्यक्ति घायल हुए हैं। उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
कोचिंग के रजिस्ट्रेशन पर बिना मान्यता स्कूल संचालित होने की शिकायत दो शिक्षकों ने की थी। उनके साथ मारपीट भी की गई। कोचिंग के रजिस्ट्रेशन को निरस्त करने के साथ ही बिना मान्यता स्कूल चलाने पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। - महेश चंद्र पटेल, बीईओ, पिनाहट
पिटाई से दोनों शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए
पिटाई से दोनों शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए