सोरोंजी। सदस्य विधान परिषद रजनीकांत माहेश्वरी ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष तीर्थनगरी की प्राचीन लुप्तप्राय बूढ़ी गंगा का मुद्दा उठाया। उन्होंने मांग की कि बूढ़ी गंगा का जीर्णोद्धार किया जाएगा। सीएम योगी के समक्ष उठी मांग को लेकर स्थानीय बाशिंदों में हर्ष है। अमर उजाला भी इस मांग को प्रमुखता से प्रकाशित करता रहा है। एमएलसी रजनीकांत माहेश्वरी ने सीएम योगी से मांग करते हुए कहा कि बूढ़ी गंगा के बहाव मार्ग में आने वाली बाधाओं को दूर कर पुनः प्रवाहमान बनाया जाए तथा इसको शूकरक्षेत्र की हरिपदी गंगा से जोड़ा जाए। जिससे हरिपदी गंगा भी बहती धारा में तब्दील हो जाए। सीएम योगी ने इस मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए शीघ्र मांग पूरी किए जाने का आश्वासन दिया। इस दौरान उनके साथ जनपद प्रभारी मंत्री संदीप सिंह, सदर विधायक देवेंद्र राजपूत, अमापुर विधायक हरिओम वर्मा, एमएलसी मानवेंद्र प्रताप सिंह, एमएलसी आशीष यादव व अलीगढ़ मंडल के अन्य विधायक साथ रहे। बता दें कि अमर उजाला लंबे समय से बूढ़ी गंगा के जीर्णोद्धार की मांग उठाता रहा है। अभी 9 जुलाई के अंक में ही अमर उजाला ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।