जिला अस्पताल में मेडिकल प्रमाणपत्र बनवाने के लिए युवकों की भारी भीड़ जुट गई। प्रमाणपत्र बनने में देरी होने पर युवकों ने हंगामा कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को बुलाया। पुलिसकर्मियों ने व्यवस्था संभाली।
सेना में भर्ती के लिए मेडिकल प्रमाणपत्र बनवाने के लिए जिला अस्पताल में 350 से अधिक युवक पहुंचे थे। भीड़ होने से अव्यवस्था फैल गई। काउंटर पर एक कर्मचारी ही फार्म भरवा रहा था। देरी होने पर युवक भड़क गए और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस आई और युवकों से बात कर शांत कराया। युवकों ने पुलिस को बताया कि परिचितों के पहले प्रमाणपत्र बनवाए जा रहे हैं। इस पर पुलिस ने लाइन लगवाई और क्रम से प्रमाणपत्र बनवाए।
आज से दो काउंटर लगाए जाएंगे
मेडिकल प्रमाणपत्र बनवाने के लिए आए युवकों की संख्या अधिक थी। इससे प्रमाणपत्र बनवाने में देरी हो रही थी। युवकों ने हंगामा कर दिया। बुधवार से दो काउंटर की व्यवस्था की जाएगी।
-डॉ. एके अग्रवाल, एसआईसी