फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डिग्री कालेजों में बंपर नकल : राज्यपाल

Tue, 24 Mar 2015 02:00 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन
प्रदेश के विश्वविद्यालयोें में शिक्षा की गिरती गुणवत्ता और कालेजों में नकल पर राज्यपाल राम नाईक ने चिंता व्यक्त की। आगरा कालेज के गंगाधर शास्त्री भवन के लोकार्पण समारोह में उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में विश्वविद्यालयों की हालत बेहद खराब है। दुनिया के शीर्ष 200 विश्वविद्यालयों में देश का कोई विश्वविद्यालय नहीं है। शिक्षा के व्यापारीकरण को गलत ठहराते हुए उन्होंने कहा कि यूपी के कालेजों में खूब नकल होती है। कुलपतियों को सम्मेलन में इस पर रोक लगाने को कहा था, लेकिन उन्होंने असमर्थता जताई कि इसे कैसे रोकें। कुलाधिपति ने कहा कि नैतिकता कहीं नहीं बची है, इसलिए नकल हो रही है।
विज्ञापन

राज्यपाल ने कहा कि कालेज और विश्वविद्यालयों को केवल परीक्षा का तंत्र बनकर नहीं रहना चाहिए। उन्हें शोध को बढ़ावा देना चाहिए। जो देश विज्ञान को समझता है, वह आगे बढ़ता है। गंगा में बढ़ते प्रदूषण पर भी उनका दर्द दिखा। बीते दिनों गंगा में मिली 100 से ज्यादा लाशों पर उन्होंने कहा कि श्रद्धा अपनी जगह है, लेकिन सरकार को भी इस संबंध में सोचना चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं को व्यक्तित्व विकास के चार सूत्र बताए। छात्रों को मुस्कराने, किसी की अवमानना न करने, हमेशा बेहतर की कोशिश करने और साथियों को प्रोत्साहित करने को कहा। राज्यपाल ने राम मनोहर लोहिया की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और गंगाधर शास्त्री भवन को शहर का भूषण बताया।
इससे पूर्व 3:20 बजे राज्यपाल कालेज पहुंचे। एनसीसी कैडेट्स ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। फिर उन्होंने हाल का लोकार्पण किया। प्रबंध समिति के अध्यक्ष प्रदीप भटनागर ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया। कार्यक्रम में आगरा कालेज के प्राचार्य डा. मनोज रावत, पूर्व कुलपति प्रो. जीसी सक्सेना, कालेज के पूर्व प्राचार्य डा. मुख्तयार सिंह, वाईके गुप्ता, विमल गोयल, प्रो. सुगम आनंद, डा. वीरेंद्र सिंह चौहान, डा. बृजेश रावत, डा. चंद्रकांत त्रिपाठी, डा. एसपी सिंह बघेल, चौधरी रामेश्वर आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन


कुलपति के भाषण पर कठेरिया का तंज
केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डा. रामशंकर कठेरिया ने जब माइक थामा तो कुलपति पर तंज कसने से नहीं चूके। उन्होंने कहा कि अच्छा भाषण देने वाले कर्म नहीं करते। जैसे कुलपति का भाषण अच्छा था, लेकिन मार्कशीट के लिए छात्र भटकते रहते हैं। इस पर सभागार तालियों से गूंज उठा। उन्होंने कहा कि कुलपति ने उनके घर के पास अंबेडकर पीठ में हेल्प डेस्क बना दी है। इससे उनकी परेशानी बढ़ गई है। परेशान छात्र-छात्रा मौका लगते ही उन्हें घेर लेते हैं। उन्होंने आगरा कालेज को विश्वविद्यालय बनाने का इरादा भी जताया।

उच्चशिक्षा में गुणवत्ता बड़ी चुनौती : कुलपति
आधुनिक जीवन में ज्ञान, विज्ञान और नैतिकता विषय पर परिचर्चा भी लोकार्पण समारोह में हुई। कुलपति प्रो. मोहम्मद मुजम्मिल ने कहा कि राज्यपाल विश्वविद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए तीन महीने में दो बार कुलपति सम्मेलन लखनऊ में कर चुके हैं। लेकिन बड़ी संख्या में छात्रों को प्रवेश दिए जाने से गुणवत्ता बनाए रखना आज उच्चशिक्षा के लिए चुनौती बन गया है।

आठ साल बाद जरूर आएं राज्यपाल : मंडलायुक्त
आगरा कालेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष और मंडलायुक्त प्रदीप भटनागर ने बताया कि  महाराष्ट्र से आएसिंधिया के दान में दी गई भूमि से यह कालेज बना और आज मुंबई के रहने वाले राज्यपाल राम नाईक यहां मुख्य अतिथि के तौर पर आए हैं। यह सुखद संयोग है। उन्होंने आठ साल बाद कालेज को 200 वर्ष पूरे होने पर भी राज्यपाल को आने के लिए आमंत्रित किया।

50 लाख में हुआ जीर्णोद्धार
गंगाधर शास्त्री भवन के जीर्णोद्धार पर तकरीबन 50 लाख खर्च हुए। शानदार स्टेज, विशाल पर्दा, इलेक्ट्रानिक पोडियम, आलीशान फ्लोर, चारों ओर लाइटें, एयरकंडीशनर इस हॉल को आकर्षक बना रहे हैं। कालेज को यह भवन 26 जनवरी 1924 को मिला। तब इसको मेस्टन हॉल कहा जाता था। आगरा कालेज के सौ वर्ष पूरा होने पर सिंधिया राजघराने के पुरोहित गंगाधर शास्त्री के नाम पर इसका नाम रखा गया। समय के साथ इसकी हालत जब खस्ता हुई तो कालेज प्रशासन थोड़ी बहुत मरम्मत से काम चलाता रहा।

सीडी में संजोया गौरवशाली इतिहास
कालेज के पूर्व छात्र और समाजसेवी रंजीत सामा व अशोक जैन ने कालेज के इतिहास पर  डाक्यूमेंट्री बनाई है। इसकी सीडी भी लांच की गई।

धीरे-धीरे सुधार होगा
अंबेडकर विश्वविद्यालय की खराब हालत पर मीडिया ने जब सवाल किया तो राज्यपाल ने कहा कि धीरे-धीरे सुधार होगा। किसानों की बर्बादी पर उन्होंने कहा कि पीएम और सीएम दोनों ही इसे लेकर गंभीर हैं।

कठेरिया के घर गए राज्यपाल
कार्यक्रम के बाद राज्यपाल राम नाईक केंद्रीय राज्यमंत्री कठेरिया के आवास पर गए। डा. मृदुला कठेरिया, अर्चना अग्रवाल आदि ने राज्यपाल का स्वागत किया। यहां उन्होंने भाजपा नेताओं और शहर के प्रबुद्धजनों से वार्ता की।  करीब 40 मिनट तक यहां रुके राज्यपाल ने मौजूद शहर के संघ व भाजपा के पदाधिकारियों, व्यवसायियों, सामाजिक संस्थाओं एवं छात्र संगठन के नेताओं से परिचय प्राप्त किया। एबीवीपी के पूर्व अध्यक्ष नवीन गौतम एवं मनीष गौतम ने विश्वविद्यालय की समस्याओं पर ज्ञापन दिया। आगरा डेवलपमेंट फाउंडेशन के राकेश गर्ग व केसी जैन के नेतृत्व में कारोबारियों ने विकास के मुद्दों पर वार्ता की। इस मौके पर विधायक योगेंद्र उपाध्याय, जगन गर्ग, गामा दुबे, अशोक राना, अनिल चौधरी, प्रो. एसपी सिंह बघेल, नवीन जैन, राजकुमार चाहर, रामप्रताप चौहान, प्रमोद गुप्ता, टीएन अग्रवाल आदि मौजूद थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें