आगरा। आगरा की स्टार क्रिकेटर दीप्ति शर्मा को जिम्बाब्वे के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे शृंखला के लिए भारतीय महिला टीम की उपकप्तान बनाया गया है। दीप्ति के भाई व कोच सुमित शर्मा ने बताया कि 6 अक्तूबर को घोषित टीम में दीप्ति को स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली वनडे टीम में उपकप्तान की जिम्मेदारी दी गई है। वह भारतीय टीम की प्रमुख हरफनमौला खिलाड़ियों में शामिल हैं और गेंद व बल्ले दोनों से टीम को मजबूती देती हैं। जिम्बाब्वे का भारत दौरा 16 अक्तूबर से शुरू होगा। तीन टी-20 मैचों के बाद तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे। वनडे शृंखला के मुकाबले 23, 25 और 28 अक्तूबर को वडोदरा में होंगे।