क्रिकेटर दीप्ती शर्मा का कहना है कि बर्मिंघम में जीत का तिरंगा फहराने के लिए खेलेंगे। उनकी कोशिश रहेगी खिलाड़ियों को अपनी फिरकी में फंसाने की, इसके लिए उन्होंने पसीना बहाना शुरू कर दिया है। दीप्ती शर्मा हर रोज पांच घंटे प्रेक्टिस कर रही हैं।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर दीप्ती शर्मा ने कहा है कि राष्ट्रमंडल खेलों में महिला टी-20 क्रिकेट को शामिल किया जाना दुनिया की महिला क्रिकेट के लिए अच्छा और मजबूत संकेत है। दीप्ती का कहना है कि मेरी कोशिश खिलाड़ियों को अपनी फिरकी में फंसाने की रहेगी।
विज्ञापन
अमर उजाला से फोन पर बातचीत करते हुए दीप्ती ने कहा कि महिला क्रिकेट के लिए यह काफी गौरव की बात है कि राष्ट्रमंडल खेलों में इस महिला क्रिकेट को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि जीत का तिरंगा फहराने के लिए बर्मिंघम में खेलेंगे। इंग्लैंड के बर्मिंघम में 28 जुलाई से लेकर आठ अगस्त तक राष्ट्रमंडल खेल होने जा रहे हैं। भारती महिला क्रिकेट टीम की ऑल राउंडर दीप्ती शर्मा भारत के लिए 61 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी हैं। दीप्ती ने इन मैचों में 520 रहन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 92 रहा है। दीप्ती ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 63 विकेट भी लिए हैं।
मैदान में आना नहीं भूलती दीप्ती: कोच सुमित शर्मा
अवधपुरी में रहने वाली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर दीप्ती शर्मा के कोच सुमित शर्मा उन्हें हर रोज चार से पांच घंटा प्रेक्टिस कराते हैं। कोच सुमित दीप्ती के बड़ा भाई भी हैं। सुमित का कहना है कि दीप्ती जब भी आगरा में रहती है, तो मैदान में आना नहीं भूलती। उसके लिए कोई छुट्टी का दिन नहीं है। क्रिकेट के प्रति दीप्ती के इसी संपर्ण ने उसे भारतीय महिला क्रिकेट टीम में स्थान दिलाया ।