आगरा। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आगरा की बेटी दीप्ति शर्मा ने इतिहास रच दिया। उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में छठे नंबर पर उतरकर 86 गेंदों पर नाबाद 106 रन बनाए। इसके साथ ही वह एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में छठे या उससे निचले क्रम पर शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं।
दीप्ति की इस उपलब्धि से आगरा के क्रिकेट जगत में खुशी की लहर है। उन्होंने अपनी पारी में 15 चौके लगाए। शुरुआती झटकों के बाद उन्होंने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ पांचवें विकेट के लिए 153 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। हरमनप्रीत ने भी 126 रन बनाए। दोनों की शतकीय पारियों की बदौलत भारतीय टीम ने 50 ओवर में छह विकेट पर 328 रन बनाए।
शतक पूरा होते ही घर में मना जश्न
दीप्ति का शतक पूरा होते ही घर में खुशी का माहौल छा गया। पिता श्रीभगवान शर्मा, मां सुशीला शर्मा और अन्य परिजन खुशी मनाने लगे। भाई और कोच सुमित शर्मा ने कहा कि दीप्ति को मैदान पर इस तरह इतिहास रचते देखना उनके लिए बेहद खास पल है। परिवार के सभी लोग टीवी पर मैच देख रहे थे। यह पारी हमेशा याद रहेगी। आगरा क्रिकेट संघ के अध्यक्ष सुनील जोशन ने कहा कि दीप्ति ने ऐतिहासिक प्रदर्शन से आगरा का मान बढ़ाया है। यह युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। संघ के संयुक्त सचिव सर्वेश भटनागर ने कहा कि दीप्ति ने साबित किया है कि मेहनत और आत्मविश्वास से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयां हासिल की जा सकती हैं।
यह भी बना रिकॉर्ड
- दीप्ति शर्मा ने ऋचा घोष के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा, जिन्होंने साल 2025 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विशाखापट्टनम में छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 94 रनों की पारी खेली थी।
- दीप्ति ने महज 83 गेंद पर अपना शतक पूरा किया जो भारतीय महिला वनडे क्रिकेट इतिहास का पांचवां सबसे तेज शतक भी है।
- इस मैच के दौरान दीप्ति शर्मा और कप्तान हरमनप्रीत कौर (126 रन) ने पांचवें विकेट या उससे नीचे के लिए भारत की ओर से सबसे बड़ी 153 रनों की साझेदारी का रिकॉर्ड भी बनाया।