मैनपुरी जिले में बेटे के इलाज के लिए साहूकारों से लिया गया कर्ज किसान के लिए जानलेवा बन गया। आए दिन होने वाले तकादों से परेशान होकर किसान ने आत्महत्या कर ली। किसान का शव शुक्रवार रात पेड़ पर लटका मिला। परिजनों के अनुसार किसान फसल में हुए नुकसान के कारण कर्ज नहीं चुका पा रहा था। वहीं साहूकार वसूली को लेकर उसका उत्पीड़न कर रहे थे।
थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव किशोरपुर निवासी मनोज कुमार राजपूत (40) का 13 वर्षीय पुत्र मोहित करीब छह माह पूर्व हुए सड़क हादसे में घायल हो गया था। परिजनों के अनुसार उसके उपचार के लिए मनोज ने साहूकारों से रुपये उधार लिए थे।
उपचार में करीब पांच लाख रुपये तक खर्च हो गया। तब कहीं जाकर मोहित की जान बच सकी थी। किसान ने फसल हो जाने के बाद कर्ज चुकाने की सोच रखी थी, लेकिन खराब मौसम में फसल भी धोखा दे गई। हर ओर से परेशान किसान शुक्रवार शाम घर से चला गया। देर रात करीब एक बजे उसका शव गांव के पास एक खेत में अमरूद के पेड़ पर लटका मिला।
जानकारी होने के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। किसान मनोज कुमार के पुत्र मोहित ने बताया कि पिता कर्ज की चिंता को लेकर परेशान रहा करते थे। वह कहते थे कि क्या करना चाहा था और क्या हो गया। साहूकार भी लगातार तकादा कर रहे थे।