आगरा के बरौली अहीर क्षेत्र में बंद घरों के ताला तोड़कर चोरी करने वाले अभियुक्त को बुधवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उससे दो लाख रुपये और आभूषण बरामद किए हैं। अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि वह कर्जा चुकाने के लिए घरों से चोरी करता था।
विज्ञापन
थाना एकता क्षेत्र की मधुवन काॅलोनी, काोलक्खा निवासी मोहनी गांधी पुत्री प्रदीप गांधी ने पांच जनवरी काे प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि तीन जनवरी की रात परिजन बाहर गए थे। चोर ताला तोड़कर घर में रखे 50 हजार रुपये और आभूषण चोरी कर ले गए। वहीं दूसरी घटना की प्राथमिकी नगला कली गांव निवासी आशीष राठाैर पुत्र रामरतन राठाैर ने 18 जनवरी को दर्ज कराई थी। बताया था कि 13 जनवरी की रात चोर उस समय घर का ताला तोड़कर नकदी-आभूषण चोरी कर ले गए जब परिजन शहर से बाहर गए हुए थे।
बुधवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पचगई खेड़ा मोड़ से नगला मट्टू थाना खंदौली निवासी मोनू पुत्र वीरेंद्र चौहान को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से दो लाख रुपये, एक जोड़ी पायल, ताला तोड़ने वाले दो सब्बल, एक मोबाइल फोन बरामद किया। थाना इंचार्ज ने बताया पकड़े गए अभियुक्त ने दोनों चोरी की घटनाओं को कबूल किया। अभियुक्त के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी की 9 प्राथमिकी दर्ज हैं। एसीपी ताज सुरक्षा पीयूष कांत राय ने बताया अभियुक्त मोनू ने पुलिस को बताया कि वह कर्ज चुकाने के लिए घरों से चोरी करता था। आरोपी को जेल भेज दिया है।