आगरा में खेरागढ़ तहसील क्षेत्र के गांव में खेत पर फसल देखने गए सविंदा वनकर्मी की मौत हो गई। मौत की जानकारी पर पुलिस पहुंच गई और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वन कर्मी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
घटना सोमवार शाम खेरागढ़ थाना क्षेत्र के भिलावली की है। करीब 55 वर्षीय संविदा वनकर्मी मुन्नालाल सिकरवार पुत्र बोवडिया अपने खेतों पर बाजरा की फसल को देखने गए थे। थोड़ी देर बाद पड़ौसी किसान ने कॉल करके खेत पर शव पड़ा होने की जानकारी परिजनों को दी। अचानक से वनकर्मी मौत की खबर से सनसनी फैल गई। सूचना पर परिजन खेत पर पहुंच गए। अचानक से वनकर्मी की मौत की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वनकर्मी मुन्ना लाल की मौत से परिवार में मातम छा गया। वह अपने पीछे भरा भूरा परिवार छोड़ गए। उनके तीन बेटे हैं, जिसमें दो को शादी हो चुकी है। मुन्ना लाल की मौत से पत्नी माया देवी, तीन बेटे समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी निरीक्षक खेरागढ़ मनोज कुमार ने बताया है कि उनके शरीर पर किसी भी प्रकार का चोट का कोई निशान दिखाई नहीं दिया है। जिससे प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से उनकी मौत का मामला सामने आ रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. जिसकी रिपोर्ट आने पर मौत के असली कारण का पता चल सकेगा।