मैनुपरी (औंछा/बेवर)। थाना औंछा और बेवर क्षेत्र में दो महिलाओं की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। दोनों के शव घर में ही बरामद हुए। दोनों ही मामलों में मायके पक्ष की ओर से हत्या का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
थाना भोगांव क्षेत्र के गांव सरैया अरमसराय निवासी रामपाल सिंह ने पुत्री मोहिनी (22) की शादी थाना औंछा क्षेत्र के गांव नगला नया निवासी इंद्रजीत सिंह के साथ तीन मार्च 2020 को की थी। मंगलवार की रात मोहिनी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर बुधवार की सुबह जब मायके पक्ष के लोग नगला नया पहुंचे, तो मोहिनी का शव घर के बरामदे में पड़ा हुआ था। मौके पर कोई भी ससुरालीजन मौजूद नहीं था।
सूचना मिलने के बाद सीओ कुरावली डीपी गौड़, प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही मायके पक्ष के लोगों से जानकारी ली। मृतका के पिता रामपाल ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग करते हुए ससुरालीजन बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर मंगलवार की रात पति इंद्रजीत, सास पुष्पा देवी और ननद अनुपम ने बेटी की हत्या कर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
वहीं बेवर थाना क्षेत्र के गांव सराय मद्दू निवासी सूरजप्रताप की एक वर्ष पूर्व बीमारी के चलते मौत हो गई थी। उसकी पत्नी गुंजन (30) 10 वर्षीय पुत्री के साथ घर में रह रही थी। बुधवार की सुबह गुंजन का शव घर के कमरे में साड़ी के फंदे के सहारे लटकता मिला। सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ससुराल पक्ष व ग्रामीणों ने बताया कि मृतका का करीब छह माह से मेडिकल कॉलेज सैफई में इलाज चल रहा था। वहीं सूचना पर पहुंचे मृतका के भाई गौरव ने ससुरालीजनों पर हत्या किए जाने का आरोप लगाया। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि मौत का सही कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।