टूंडला। थाना नगला सिंघी क्षेत्र के नगला आम निवासी युवक ने बुधवार रात अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बृहस्पतिवार सुबह जगार होने पर परिजनों को घटना की जानकारी हो सकी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना नगला सिंघी के गांव नगला आम निवासी प्रताप सिंह (40) पुत्र स्व. रामखिलाड़ी यादव फिरोजाबाद स्थित कारखाने में मजदूरी करता था। बुधवार रात वह कमरे के बाहर पड़ी टिनशेड के नीचे और परिवार कमरे में सो गया। देररात युवक ने अज्ञात कारणों से टिनशेड के एंगल पर मफलर से फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली।
बृहस्पतिवार सुबह पत्नी नीतू देवी जागकर बाहर आई तो पति का शव फंदे पर लटका देखकर उसकी चीख निकल गई। चीखपुकार की आवाज पर परिजन और ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। परिजनों ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के मुताबिक, प्रताप सिंह चार बहन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी तीन बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। प्रताप ने अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ा है। थाना प्रभारी कमला शंकर ने बताया कि युवक के फांसी लगाने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।