घिरोर (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र के गांव लोहव लखेड़ा में वोट न देने के विवाद में आरोपियों ने खेत पर जा रहे एक युवक पर जानलेवा हमला किया। उस पर तमंचे से फायर झोंक दिया। बच जाने पर बट मारकर सिर फोड़ दिया। चीख पुकार सुनकर लोगों को आता देख आरोपी फायर करते हुए भाग गए। मामले में तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव लोहव लखेड़ा निवासी प्रमोद कुमार बुधवार सुबह शौच के लिए खेत की ओर जा रहा था। तभी रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे नामजद लोगों ने उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने तमंचा से फायर झोंक दिया। लेकिन गोली प्रमोद को नहीं लगी। वह बचकर भागने लगा तो आरोपियों ने उसे पकड़ने के बाद तमंचे की बट मारकर सिर फोड़ दिया।
चीख पुकार सुनकर जब ग्रामीण एकत्र हुए तो आरोपी धमकी देकर भाग गए। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी पक्ष का प्रत्याशी चुनाव में हार गया है। प्रमोद ने आरोपियों के प्रत्याशी को वोट नहीं दिया था। इसी बात की रंजिश के चलते उस पर जानलेवा हमला किया गया। थाना पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दोनों पक्ष के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। घायल पक्ष के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
पहलवान सिंह, प्रभारी निरीक्षक