मैनपुरी के अजीतगंज में बुधवार देर रात युवक का शव नाले में मिला। पास में ही एक बाइक भी पड़ी हुई थी। राहगीरों की सूचना परक थाना एलाऊ पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकालने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामला कुसमरा-मैनपुरी मार्ग पर ग्राम अजीतगंज के पास का है। बुधवार रात करीब 12 बजे राहगीरों ने नाले के पास एक मोटरसाइकिल पड़ी देखी। वहीं नाले में युवक खून से लथपथ था। लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने नाले से युवक को बाहर निकाला तो वह मृत अवस्था में मिला।
पुलिस के अनुसार बाइक पुलिया के किनारे पड़ी हुई थी, जिससे प्रतीत हो रहा है कि मोटरसाइकिल पुलिया में टकराने के बाद युवक नाले में गिरा और पानी में डूबने से उसकी मृत्यु हो गई है। पुलिस ने मृतक के शव को जिला अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक की बाइक के नंबर को वाहन एप पर देखा गया तो अशोक कुमार पुत्र राम प्रकाश निवासी वन विभाग कॉलोनी मैनपुरी का पता अंकित है। पुलिस ने उस पते पर सूचना भेजी है।
जिसके बाद मृतक की शिनाख्त चंद्रशेखर पुत्र सियाराम के रूप में कर ली गई। वह रुद्रपुर जसमई थाना बेवर जिला मैनपुरी का रहने वाला था। चंद्रशेखर शहर में सब्जी बेचता था।