मैनपुरी पुलिस को देख बीते शनिवार को राजा के ताल में कूदा रिजवान का शव बुधवार की सुबह पांचवें दिन मिल गया। एसडीआरएफ की टीम लगातार युवक की तलाश कर रही थी, शव देखा परिजन में चीख पुकार मच गई, आननफानन पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मोर्चरी पर सीओ सहित बड़ी संख्या में पुलिस व पीएसी कर्मी मौजूद रहे।
शहर के आसरा आवास कॉलोनी निवासी गुलजार का 26 वर्षीय पुत्र रिजवान बीते शनिवार को गुलाब बाग रिश्तेदारी में आया था। वहां पुलिस को आता देख वह भागते हुए राजा के ताल में कूद गया था, उसने ताल से बाहर निकलने के काफी प्रयास भी किया लेकिन वह डूब गया था। तभी से राजा के ताल में उसकी तलाश की जा रही थी, एसडीआरएफ की टीम चार दिनों से तलाश में जुटी थी। लेकिन रिजवान का पता नहीं लग पा रहा था।
बुधवार की सुबह गोताखोर चिन्हित स्थान में पानी के नीचे उतरे और काफी तलाश की, कुछ देर बाद रिजवान का शव पानी से बाहर आ गया। शव बाहर आने की जानकारी होने के बाद परिजनों में चीख पुकार मच गई। सभी लोग मौके पर पहुंच गए, इस बीच आननफानन पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवाया। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह बड़ी संख्या में पुलिस व पीएसी के साथ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, मृतक के पिता से काफी देर तक बातचीत हुई, पिता से बातचीत के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।
शव पोस्टमार्टम हाउस पहुंचने के बाद मृतक रिजवान के पिता ने पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की, वहीं साथ आए कुछ लोग भी कार्रवाई होने के बाद ही पोस्टमार्टम की बात कहने लगे। इसके बाद सीओ ने गुलजार से बात की, काफी देर तक बातचीत के बाद वह बगैर किसी कार्रवाई के पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हो गए, पंचायतनामा भरने के बाद पुलिस ने शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूर्ण कराई, पुलिस की मौजूदगी के बीच शव को कब्रिस्तान ले जाया गया।