कासगंज। सहावर थाना क्षेत्र के चांडी गांव स्थित नहर में डूबे मासूम का शव 17 घंटे बाद खितौली मोड़ के पास से बरामद हुआ। मासूम का शव मिलने पर परिवार के सदस्य शोक में है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शहर की आवास विकास कॉलोनी निवासी आरव (5) पुत्र अंकित यादव अपनी मां शशि के साथ चांडी गांव स्थित नाना गुड्डू के घर घूमने के लिए गया था।रविवार की दोपहर अन्य बच्चोंं के साथ वह भी नहाने के लिए नहर पर गया। इस दौरान वह नहर में डूब गया। बालक की तलाश के लिए गोताखोर, पीएससी गोताखोर और स्टीमर लगाए गए। देर रात तक शव को तलाशा गया। लेकिन सफलता नहीं मिली। दूसरे दिन सोमवार की सुबह सबेरे पुलिस ने शव की तलाश शुरू कराई। इस दौरान भोर में 5 बजे के करीब बालक का शव नहर में खितौली मोड़ के पास उतराता मिला। इसके बाद शव को बाहर निकाला गया। शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी अनिल दौहरे ने बताया कि बालक का शव नहर में खितौली मोड़ के पास बरामद हो गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।