संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस।
- फोटो : KASGANJ
पटियाली (कासगंज)। एक युवक का शव कोतवाली के पास सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे पड़ा मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मौत का कारण आत्महत्या मान रही है।
22 वर्षीय अखिलेश सिंह पुत्र कन्हैया लाल निवासी मोहल्ला चौक परिजनों को बिना बताए बुधवार देर रात घर से निकल आया। बृहस्पतिवार सुबह जब परिजन सोकर उठे तो उसकी चारपाई खाली मिली। राहगीरों ने पुलिस को शव के कोतवाली से कुछ दूर एक पेड़ के नीचे पड़े होने की सूचना दी। पुलिस ने उसकी शिनाख्त करने के बाद परिजनों को सूचित किया।
पुलिस को एक पेड़ की डाली पर उसकी बेल्ट लटकी मिली। शरीर पर चोट के भी निशान पाए गए। मौके पर पहुंचे परिजन रोने-बिलखने लगे। उनहोेंने उसकी हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अखिलेश तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसके परिजन मूल रूप से कायमगंज फर्रुखाबाद के रहने वाले हैं। करीब 10 साल पहले पटियाली में आकर रहने लगे। युवक मजदूरी करता था।
सीओ पटियाली गवेंद्रपाल सिंह गौतम ने बताया कि युवक ने बेल्ट से फांसी लगाकर आत्महत्या की है। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।