मक्खनपुर/फिरोजाबाद। गांव निहालपुर निवासी महिला की पति ने परिजन के साथ मिलकर हत्या कर दी। शव को देर रात गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में जला दिया।
मृतका के पिता को हत्या की सूचना पति ने फोन पर देने के साथ परिजन के साथ फरार हो गया। पुलिस और मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे तो शव पूरी तरह जल चुका था। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मक्खनपुर क्षेत्र के गांव निहालपुर निवासी विनीता देवी (32) की बृहस्पतिवार रात उसके पति अवनीश ने परिजनों के साथ मिलकर हत्या कर दी। देर रात शव को गांव से करीब एक किलोमीटर दूर अपने ही खेत में जला दिया। शव को जलाने के बाद अवनीश ने अपने ससुर (विनीता के पिता) को फोन पर सूचना दी कि उनकी बेटी की हत्या कर शव गांव के बाहर खेत में जला दिया है। परिजन विनीता की ससुराल पहुंचे तो मकान में ताला लगा था। इसके बाद मायके वाले पुलिस के साथ वहां पहुंचे जहां विनीता के शव को जलाया गया था। पुलिस ने विनीता की चिता की राख में से उसके शरीर के कुछ अंगों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष मक्खनपुर महेश कुमार का कहना है कि मृतका के पिता की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पता चल सकेगा कि उन्होंने विनीता की हत्या कैसे की।