मैनपुरी। दन्नाहार पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात जवापुर तिराहा के पास बाइक सवार लुटेरों की घेराबंदी की। लुटेरे पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। दो शातिरों को गिरफ्तार कर लिया वहीं एक साथी भाग गया। लुटेरों के कब्जे से लूटे गए आठ मोबाइल, चोरी की बाइक और तमंचा-कारतूस मिले।
प्रभारी निरीक्षक दन्नाहार विनोद कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात पुलिस टीम सिरसागंज रोड पर गश्त कर रही थी तभी जवापुर तिराहा के पास एक बाइक पर तीन संदिग्ध दिखे जो किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक थे। पुलिस टीम ने बाइक सवारों की घेराबंदी की तो वह पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। गांगसी के पास पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास मिली बाइक भी चोरी की थी।
पूछताछ में बताया कि वह लोग मोबाइल लूट की वारदात अंजाम देते थे। अपने नाम सुनील कश्यप उर्फ सनी निवासी कैरावली करहल और अनिल उर्फ कल्लू निवासी गांव नेकापुर दन्नाहार बताया। भागे हुए साथी का नाम मंजीत गिहार निवासी गिहार कालोनी मंडी के पास सदर कोतवाली बताया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सुनील शातिर अपराधी है। उस पर 23 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। अनिल पर पांच मामले दर्ज हैं। लुटेरों को मुकदमा दर्ज कर शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया।