उत्तर प्रदेश के आगरा में युवक ने अपने बेटे और मां की हत्या करने के बाद खुद सुसाइड कर लिया। इनके शव पोस्टमार्टम के लिए पहुंचे। यहां पर लोगों ने मानवता को शर्मसार होते देखा। शवों का सौदा शुरू किया गया। लोगों ने एक ही घर के तीन लोगों की मौत होने का हवाला दिया। इस पर सामने वाले 500 रुपये का डिस्काउंट देने की बात कही।
यह सब देखकर वहां मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। एक तरफ कफन में लिपटे शव थे। दूसरी तरफ पोस्टमार्टम करने के लिए सौदेबाजी हो रही थी। बात बाहर आई तो जिसने भी सुना उसके दिल दहल गए।
मामले में अधिवक्ता ने सीएमओ को नोटिस भेजी है। इसमें कहा कि सीएमओ साहब बंद कराइए इस तरह लाशों का सौदा।
पैसे दोगे तभी होगा पोस्टमार्टम
लॉयर्स कॉलोनी निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने बताया कि लॉयर्स कॉलोनी निवासी तरुण चौहान (42) उनका बेटा कुशाग्र (12) और मां बृजेश देवी (72) के शव पोस्टमार्टम के लिए 11 फरवरी को करीब डेढ़ बजे पहुंचे। यहां स्टाफ ने मृतक के ताऊ के बेटे विक्की चौहान से कहा कि 2000 रुपये दो तभी पोस्टमार्टम होगा।
1500 लिए तब किया पोस्टमार्टम
हमने विरोध करते कहा कि पोस्टमार्टम के कैसे पैसे। 500 रुपये सफाई और प्रति शव के 500 रुपये लिए जाते हैं। रुपये नहीं दोगे तो पोस्टमार्टम नहीं होगा। इसका फिर विरोध किया तो स्टाफ ने अभद्रता करना शुरू कर दिया। शाम होते देख विक्की ने 1500 रुपये दिए। इसके बाद पोस्टमार्टम किया और शव सौंपे। इस मामले की जांच करते हुए स्टाफ पर मुकदमा दर्ज कराया जाए। मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को भी ये शिकायत भेज रहा हूं।
बेहद गंभीर मामला, जांच करा करेंगे निलंबित
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव का कहना है कि पोस्टमार्टम निशुल्क होता है। कर्मचारियों ने रुपये लिए हैं, ये बेहद गंभीर मामला है। पूर्व में ऐसी शिकायत पर कार्रवाई कर स्टाफ बदला था। कमेटी से जांच कराते हुए आरोपी स्टाफ को निलंबित किया जाएगा। मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।