पोस्टमार्टम के लिए पैसे वसूलने वालों की पहचान के लिए पीड़ित के सामने परेड हुई, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। फिलहाल पोस्टमार्टम हाउस से स्टाफ बदलने की तैयारी की जा रही है।
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज स्थित पोस्टमार्टम हाउस में पोस्टमार्टम के लिए 1500 रुपये वसूलने के मामले में शुक्रवार को पीड़ितों के सामने स्टाफ की परेड कराई गई। इसमें आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है। ऐसे में सीएमओ ने पूरा स्टाफ हटाने और अज्ञात के खिलाफ एफआईआर कराने की बात कही है।
विज्ञापन
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि बीते 11 फरवरी को लॉयर्स कॉलोनी में तरुण चौहान, उनके बेटे कुशाग्र चौहान और मां बृजेश चौहान के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए 1500 रुपये लेने की शिकायत की थी। जांच टीम ने उनके परिजन और स्टाफ के बयान दर्ज कराया। शनिवार को पीड़ितों के सामने स्टाफ को बुलाकर परेड कराई गई थी।
पीड़ित का कहना है कि आरोपी एप्रिन और मास्क पहने हुए था, इस कारण पहचान नहीं हो पा रही है। इसके चलते समिति ने पोस्टमार्टम हाउस का स्टाफ बदलने की भी संस्तुति की है। यहां का स्टाफ हटाया जाएगा और थाने में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर भी कराई जाएगी।
विज्ञापन
पुलिस आयुक्त-मुख्यमंत्री तक पहुंची है शिकायत
शवों का पोस्टमार्टम कराने के लिए 1500 रुपये लेने की शिकायत का मामला मुख्यमंत्री तक भी पहुंच गया है। मृतकों के परिचित अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने आरोपियों पर मुकदमा दर्ज करवाने के लिए पुलिस आयुक्त और मुख्यमंत्री को भी पत्र भेजा था।