फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra University: ओएमआर शीट पर स्नातक, लिखित रूप में होंगी परास्नातक की परीक्षाएं; इस शर्त पर आंदोलन हुआ खत्म

Fri, 04 Oct 2024 12:03 AM IST
धीरेन्द्र सिंह अमर उजाला नेटवर्क, आगरा

सार

आगरा  विश्वविद्यालय की परीक्षाओं को लेकर मची खींचतान अब इस शर्त पर समाप्त हो गई है कि स्नातक की परीक्षाएं ओएमआर शीट पर और परास्नातक की परीक्षाएं लिखित रूप में होंगी।
 
विज्ञापन
आगरा विश्वविद्यालय - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की नवंबर में प्रस्तावित विषम सेमेस्टर की स्नातक स्तर की परीक्षाएं ओएमआर शीट पर ही होंगी। शिक्षक संघ (औटा) और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच हुई वार्ता के बाद यह निर्णय लिया गया। औटा ने मई 2025 की परीक्षाएं लिखित रूप में कराने का लिखित आश्वासन मिलने पर परीक्षा बहिष्कार का आंदोलन वापस ले लिया है।
विज्ञापन




 

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार सभी कोर्सों की विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं लिखित व सम सेमेस्टर की परीक्षाएं ओएमआर शीट पर करने की बात कही गई है। शासन की ओर से जारी शैक्षणिक कैलेंडर में भी विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं लिखित रूप में कराने का जिक्र है। आंबेडकर विवि में सत्र नियमन, दीक्षांत समारोह और नैक के मूल्यांकन के चलते कुलपति प्रो. आशु रानी ने विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं भी ओएमआर शीट पर कराने का प्रस्ताव परीक्षा समिति की बैठक में रखा, जिस पर औटा को छोड़कर सभी ने अपनी सहमति जताई थी।

औटा ओएमआर पर परीक्षा के खिलाफ आंदोलन कर रहा था। युवोत्सव में भी किसी स्थायी शिक्षक ने शिरकत नहीं की। शिक्षकों ने परीक्षा प्रश्नपत्र बनाने से भी इन्कार कर दिया। बृहस्पतिवार को कुलपति प्रो. आशु रानी, कुलसचिव प्रो. पीके सिंह, परीक्षा नियंत्रक ओम प्रकाश के साथ औटा अध्यक्ष और महामंत्री की बैठक हुई।

 
विज्ञापन

कुलपति ने परास्नातक कक्षाओं की परीक्षा लिखित रूप में कराने पर सहमति जताई। वहीं औटा ने भी विवि हित में नवंबर-दिसंबर 2024 में प्रस्तावित स्नातक स्तर की परीक्षाएं ओएमआर शीट पर कराने पर सहमति जता दी। औटा अध्यक्ष ने बताया कि विवि प्रशासन ने लिखित आश्वासन दिया है कि मई 2025 में होने वाली संपूर्ण परीक्षा लिखित रूप में कराई जाएगी। महामंत्री डॉ संजय मिश्र ने बताया कि परास्नातक की परीक्षाएं इस बार भी लिखित में कराने पर सहमति बन गई है। अब औटा परीक्षा समेत सभी कार्य में विवि के सहयोगी की भूमिका में रहेगा।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें