आगरा के चित्राहाट के रानी का बाग गांव में रविवार तड़के 4 बजे पड़ोसियों ने महिला को जिंदा जलाकर मारने की कोशिश की। झोपड़ी पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। चारपाई पर सोते समय महिला की चीख सुनकर बहू की आंख खुली तो वह सास की चारपाई से लपटें उठती देखकर चंडी बन गई। जलती चारपाई से सास को उठाकर जमीन पर लिटाने के बाद हमलावरों के पीछे डंडा लेकर दौड़ पड़ी। बहू के तेवर देखकर हमलावर भागे तो उनका गली तक पीछा करके खदेड़ा। पुलिस को सूचना देकर बुलाया। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।
रानी का बाग की रहने वाली पुत्रवधू नीतू ने पुलिस को बताया शनिवार शाम पड़ोसी गाली-गलौज कर रहे थे। उन्हें सास सुनीता ने गाली देने से रोका था। बस यही मामूली विवाद हुआ था। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि रविवार तड़के सास सुनीता अपनी झोपड़ी में सो रही थीं। तड़के 4 बजे पड़ोसी आए और झोपड़ी पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। चारपाई पर सो रही सुनीता को पीटने लगे।
सास की चीख सुनकर जागी बहू नीतू की नींद खुली तो वह हमलावरों पर चंडी बनकर टूट पड़ी। उसने डंडे उठाकर हमलावरों को ललकारा। अन्य परिजन भी आ गए, जिससे हमलावर भाग गए। नीतू ने सुनीता को दहकती चारपाई से उतार कर जमीन पर लिटाया और हमलावरों का गली तक पीछा किया। नीतू ने 112 नंबर डायल कर पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। झुलसी हालत में सुनीता को पुलिस ने इलाज के लिए जैतपुर सीएचसी भिजवाया। पुलिस के मुताबिक तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
सहायक पुलिस आयुक्त जितेंद्र कुमार ने बताया कि रानी का बाग में आगजनी एवं मारपीट की घटना हुई है। चित्राहाट पुलिस ने मेडिकल कराया है। मेडिकल रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।