आगरा में थाना अछनेरा के अंतर्गत कुकथला पुलिस चौकी इंचार्ज के रिश्वत मांगने का ऑडियो वायरल होने से सनसनी मची है। पीड़ित की शिकायत पर हिंदी वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने प्रकरण की जानकारी एसएसपी को दी है।
हरियाणा स्थित मानेसर से एक अक्टूबर को एबीआर ट्रांसपोर्ट कंपनी द्वारा नामी कंपनी का एनर्जी ड्रिंक्स के कार्टनों को चेन्नई भेजा गया था। ट्रक चालक भूपेंद्र सिंह पुत्र सरनाम सिंह इगुरी भरथना इटावा का रहने वाला है।
तीन अक्टूबर को चालक ने कंपनी में फोन कर बताया कि उसकी गाड़ी का थाना अछनेरा के गांव कासौटी पर एक्सीडेंट हो गया है। वह घायल है। उसके बाद से उसका फोन बंद है। कंपनी के कर्मी जब मौके पर पहुंचे तो गाड़ी की सील टूटी थी। 15 कार्टन गायब थे। लगभग 600 लीटर डीजल सहित बैटरी आदि सामान भी गायब था।
कंपनी के सुपरवाइजर जगवीर सिंह ने चालक और अज्ञात परिचालक के खिलाफ कुकथला चौकी पर तहरीर दी। आरोप है कि दरोगा महिपाल सिंह ने उससे 30 हजार रुपये ले लिए। इधर जगवीर सिंह ने दरोगा द्वारा रिश्वत की मांग का ऑडियो बना लिया। जगवीर सिंह ने यह बात अपने परिचित हिंदू युवा वाहिनी के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष रवि सिकरवार को बताई।
इस पर वाहिनी के जिलाध्यक्ष दानवीर सिंह परमार ने एसएसपी से वार्ता की। भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया ने भी दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत का संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने क्षेत्राधिकारी अछनेरा को प्रकरण की जांच करने के निर्देश दिए हैं।