नोवा कंपनी के बाहर जाम लगा रहे आक्रोशितों को समझाते पुलिस अधिकारी ।
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। शहर की एक डेयरी कंपनी की गाड़ी पर कार्यरत हेल्पर की आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर रविवार को हादसे में मौत हो गई। हेल्पर की मौत से आहत परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव फैक्ट्री पर लेकर पहुंच गए। वहां जाम लगाकर आक्रोशित आर्थिक सहायता की मांग करने लगे। प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। लेकिन वह नहीं मानें।
शनिवार की रात्रि को एक्सप्रेस वे पर 11:50 बजे बांगरमऊ थाना क्षेत्र में कंपनी की गाड़ी लखनऊ माल लेकर जा रही थी। तभी पीछे से दूसरे वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे हेल्पर रवि कुमार निवासी नगला थनी कोतवाली देहात एटा की मौत हो गई। दुर्घटना की रात्रि को ही परिवार के लोग बांगरमऊ पहुंच गए। पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर रविवार सायं करीब 6 बजे डेयरी कंपनी पर पहुंचे।
जहां फैक्ट्री गेट पर शव रखकर जाम लगा दिया। परिजन आर्थिक सहायता की मांग फैक्ट्री मालिक से करने लगे। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पीड़ित परिजनों को पुलिस समझाने में जुटी रही। लेकिन वह अपनी मांगों से टस मस नहीं हुए।