टूंडला रेलवे स्टेशन पर तकनीकी खराबी के चलते एक मालगाड़ी का इंजन खराब हो गया। इसके चलते करीब 45 मिनट तक अप लाइन प्रभावित रही। इस दौरान आधा दर्जन ट्रेनें पिछले स्टेशनों पर खड़ी रही। भीषण गर्मी के दौरान रेलयात्री परेशान रहे।
दादरी स्पेशल मालगाड़ी शनिवार दोपहर करीब तीन बजे टूंडला स्टेशन से निकली थी। ट्रेन अभी स्टेशन से थोड़ी दूर ही निकली थी तभी ट्रेन का इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। रेल चालक ने तत्काल पूरे मामले से नियंत्रण कक्ष को अवगत कराते हुए आई खराबी को दूर करने का प्रयास किया, किंतु उसे सफलता नहीं मिली।
इस बीच नियंत्रण कक्ष ने पीछे ही आ रहीं अप लाइन की ट्रेनों को पिछले स्टेशनों पर रोक दिया। साथ ही तकनीकी विभाग की टीम को मौके पर भेजा। करीब पौन घंटे बाद इंजन में आई खराबी को ठीक किया तब करीब 3.45 बजे ट्रेन को आगे बढ़ाया जा सका। इस दौरान कानपुर-आनंदविहार साप्ताहिक ट्रेन, टूंडला-पलवल पैसेंजर सहित अन्य ट्रेनें प्रभावित रहीं।