आगरा में साइबर अपराधियों ने एक निजी मेडिकल कालेज के एकाउंटेंट का पेटीएम हैक करके खाते से 61 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है।
यहां का है मामला
नवलगंज, एत्माद्दौला निवासी यतेंद्र अग्रवाल ने बताया कि वह एत्मादपुर स्थित एक निजी मेडिकल कालेज में कार्यरत हैं। 19 मई को मोबाइल पर पांच मैसेज आए। इनमें खाते से 61600 रुपये निकलने की जानकारी थी। यह देखकर उनके होश उड़ गए। वह जानकारी करने बैंक गए। पता चला कि पेटीएम से रकम ट्रांसफर की गई है। 60 हजार रुपये बिहार के सरवन कुमार के खाते में गए। 1600 रुपये का मोबाइल रिचार्ज किया गया। उन्होंने थाना में शिकायत की। इसके बाद साइबर सेल भी गए। मगर, अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।