आगरा के वार्ड 83 के राजामंडी बाजार में भारत सिनेमा के मोड़ पर जर्जर पुलिया का एक हिस्सा ढह गया, जिससे हुए गड्ढे में व्यापारी की कार फंस गई। बुधवार सुबह ट्रैक्टर निकलने के बाद अचानक हुए हादसे में कार सवार बाल-बाल बच गए। क्षेत्रीय दुकानदारों ने सहयोग कर कार को गड्ढे से बाहर निकाला। इसी मोड़ पर 15 दिनों में तीन बाइक सवार दुर्घटना का शिकार होकर घायल हो चुके हैं। दुकानदारों ने क्षेत्रीय पार्षद मंजू प्रजापति से शिकायत की। बाजार में लगातार हो रहीं दुर्घटनाओं को लेकर दुकानदारों में नगर निगम के खिलाफ नाराजगी है।
भाजपा पार्षद मंजू प्रजापति ने बताया कि इस पुलिया के क्षतिग्रस्त होने और पास में रखे जाल की मरम्मत के लिए वह लगातार नगर आयुक्त से संपर्क में हैं, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया। कार सवार बाल-बाल बचे हैं। तीन बार पहले भी इसी मोड़ पर हादसे में लोग घायल होकर अस्पताल जा चुके हैं। इसकी मरम्मत न की गई तो वह लोगों के साथ धरने पर बैठेंगी। पूर्व पार्षद राजेश प्रजापति ने बताया कि बीते सप्ताह बाइक सवार गिरा तो उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। दुकानदारों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। कोई दिन ऐसा नहीं जा रहा, जब बाइक सवार दुर्घटनाग्रस्त न हो रहे हों। निगम के अधिकारी क्या किसी की जान जाने का इंतजार कर रहे हैं। कार के गिरने के बाद भी बैरिकेडिंग नहीं कराई गई, जबकि तत्काल ही अधिकारियों को वीडियो भेज दिया गया था। क्षेत्र के व्यापारियों ने चेतावनी दी कि अगर नाले की पुलिया का निर्माण न कराया गया तो सड़क पर उतरकर इसी सप्ताह प्रदर्शन किया जाएगा।
ऐसे खतरनाक मैनहोल और भी हैं...
केवल राजामंडी नहीं, बल्कि इस तरह के खतरनाक मैनहोल शहर की सड़कों पर मौजूद हैं। छावनी क्षेत्र में नंद सिनेमा से ताज रोड पर सरदार पटेल पार्क के सामने गड्ढा खुला है तो ताज व्यू पर सड़क के बीच में ही मैनहोल खुला है, जिसमें पूर्व में भी हादसे हो चुके हैं। 200 से ज्यादा सीवर मैनहोल भी जर्जर और क्षतिग्रस्त हैं, जिसमें गिरकर लोग चोटिल हो चुके हैं।
क्षेत्रीय पार्षद ने राजामंडी बाजार की समस्या बताई है। निर्माण विभाग से क्षतिग्रस्त पुलिया और चैंबर के निर्माण के लिए निर्देश दिए गए हैं। इस पर काम शुरू हो जाएगा।
-संतोष कुमार वैश्य, नगर आयुक्त